Unlock 5.0 की Guidelines आज जारी होने की संभावना, मिल सकती है ये छूट
नई दिल्ली। भारत में अनलॉक का चौथा चरण 30 सितंबर को समाप्त हो जाएगा। कोरोना महामारी के बीच लगाए गए लॉकडाउन को अलग-अलग चरणों में खोला जा रहा है। अब तक सरकार 4 Unlock में कई तरह की रियायतें दे चुकी है और अर्थव्यवस्था को खोला है।इसके तहत आज Unlock-5.0 में 31 अक्टूबर तक के लिए नई गाइडलाइंस का ऐलान किया जा सकता है। अक्टूबर से ही भारत में लंबा चलने वाला त्योहारों का मौसम शुरू हो रहा है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि कोरोना के बढ़ते मामलो के बीच सरकार अब कौन सी रियायतें देती है और किन चीजों पर प्रतिबंध लगाती है। इस बात की संभावना है कि आज केंद्रीय गृह मंत्रालय Unlock 5.0 के लिए गाइडलाइन्स जारी कर सकता है। अब, एक अक्टूबर से शुरू होने वाले अनलॉक के पांचवें चरण के को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। पिछले सप्ताह सबहसे ज्यादा कोरोना प्रभावित सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ अपनी बैठक में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘micro-containment’ जोन का सुझाव दिया। त्योहारी सीज़न की वजह से उम्मीदें हैं कि केंद्र अनलॉक के लिए और गतिविधियां खोल देगा।
गृह मंत्रालय (MHA) ने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सार्वजनिक स्थानों जैसे मॉल, सैलून, रेस्तरां और जिमों को प्रतिबंधों के साथ खोलने की अनुमति दी थी। इस बात की संभावना जताई जा रही है केंद्र सरकार और भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने की छूट दे सकती है। मुख्यमंत्रियों के साथ अपनी बैठक में कोरोना के प्रसार को रोकवे के लिए पीएम मोदी ने कंटेनमेंट और लॉकडाउन पर जोर देने दिया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि इस वजह से आर्थिक गतिविधियों को समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े।
अक्टूबर से लागू होने वाले अनलॉक 5 में कौन सी छूटें दी जा सकती हैं?
सार्वजनिक स्थान जैसे मॉल, सैलून, रेस्टोरेंट, जिम को पहले ही पाबंदियों के साथ खोले जाने की छूट दी जा चुकी है लेकिन अब भी सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल, इंटरटेनमेंट पार्क नहीं खुले हैं। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि इन्हें अक्टूबर से खोले जाने की अनुमति दी जाती है या नहीं। जबकि इसके लिए मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से कई बार गुजारिश की जा चुकी है। हालांकि पिछले दिशानिर्देशों में 21 सितंबर से ओपन एयर थियेटर खोले जाने का निर्देश दिया जा चुका है। बल्कि पश्चिम बंगाल ने तो पहले से 1 अक्टूबर से सीमित संख्या में लोगों के प्रवेश के साथ सिनेमा हॉल खोले जाने के लिए अनुमति दे दी है।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, सामान्य समय की ओर लौटने के लिए जात्रा, नाटक, ओपन एयर थियेटर, सिनेमा और सभी म्यूजिकल, डांस, गायकी और जादू के शो की 50 लोगों या उनसे कम के साथ 1 अक्टूबर से खोले जाने की छूट दी जा रही है। हालांकि इस दौरान सामाजिक दूरी के नियम, मास्क पहनना और बचाव के आवश्यक उपायों का पालन करना होगा।
सिनेमा हॉल: मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया द्वारा अपील के बावजूद 21 सिंतंबर से गृह मंत्रालय ने सिर्फ ओपन-एयर थिएटरों को संचालन फिर से शुरू करने की अनुमति दी थी। हालांकि, अगस्त में सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे ने गृह मंत्रालय को फिल्म थिएटरों के लिए बैठने की व्यवस्था का फॉर्मूला दिया था। योजना के अनुसार पहली पंक्ति में और अगली सीटों को वैकल्पिक रूप से रखा गया ताकि सामाजिक दूरी को बनाए रखा जा सके। इसके अलावा, शनिवार को पश्चिम बंगाल पहला राज्य बन गया जिसने 1 अक्टूबर से सिनेमा और सिनेमा हॉल खोलने की अनुमति दी।
पर्यटन: कोरोना लॉकडाउन के कारण सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र पर्यटन का ही रहा है। हाल ही में ताजमहल सहित पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने के बाद यहां कुछ कमाई देखी गई। अनलॉक-5 के दौरान इसके बढ़ने की संभावना है। गृह मंत्रालय और भी पर्यटन केंद्रों और पर्यटन स्थलों को यात्रियों के लिए खोलने की अनुमति दे सकता है। हाल ही में, उत्तराखंड सरकार ने पर्यटकों को बिना किसी क्वारंटीन के राज्य में प्रवेश करने की अनुमति दी।
स्कूल-कॉलेज: देश भर के कई स्कूल और कॉलेज 21 सितंबर से फिर से खुल गए। हालांकि 9वीं से लेकर 12वीं तक के छात्रों को स्वेच्छा से स्कूल आने की छूट दी गई।